UTTARAKHAND
चमोली के भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को राज्य की 26वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी जल्द बढ़ोतरी होगी। राज्य आंदोलनकारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित की जाएगी। यह समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर संस्तुति देगी।
धामी ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। लखपति दीदियों को व्यवसाय के विस्तार और नए स्वरोजगार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वन्यजीवों के हमले में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त कर रहे राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। प्रदेश में निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया भी सरल की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ किया जाएगा। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाएं देने के लिए अपुणि सरकार पोर्टल को और सरल बनाया जाएगा।
उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं
सीएम धामी ने उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं है। राज्य ने बीते वर्षों में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की एक दशक की विकास यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिल रहा है। प्रदेश में राष्ट्रीय परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि रेल लाइन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जा रही है।
21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है। उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना से लेकर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) तक प्रदेश में किए गए कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों की भागीदारी से प्रदेश विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश पर आभार जताते हुए कहा कि देवभूमि के प्रति उनका विशेष लगाव विचारों, संकल्पों और निरंतर प्रयासों में भी दिखाई देता है।
