DEHRADUN UTTARAKHAND
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत ‘सेवा के संग और राष्ट्र के रंग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैजयंती माला उर्फ कमलेश रमन के नेतृत्व में मातृशक्ति ने रंगोली के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा।
रंगोली के रंगों के जरिए महिलाओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए कार्यों और उत्तराखंड सरकार की पहल को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इसे सेवा भाव और प्रधानमंत्री के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करने का माध्यम बताया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैजयंती माला उर्फ कमलेश रमन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया है। वहीं, उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण और समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी जैसे कदमों के जरिए सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि रंगोली कार्यक्रम केवल कलात्मक प्रस्तुति नहीं, बल्कि महिलाओं की भावनाओं, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को व्यक्त करने का माध्यम भी है। इसके जरिए महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में महिलाएं विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से अधिक प्रतिनिधित्व कर सकेंगी और देश की नीतियों के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगी।
